गुरुग्राम की रहने वाली एक युवती ने नोएडा पुलिस को की शिकायत में बताया कि वह एक निजी कंपनी में जॉब करती है। युवती का कहना है कि कुछ समय पहले फेसबुक पर उसकी दोस्ती सागर सिंह नाम के युवक से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। आरोपी ने शादी का झांसा देकर युवती को अपने प्यार के जाल में फंसा लिया।
आरोप है कि सागर ने 21 अक्टूबर को युवती को नोएडा सेक्टर-121 के एक होटल में मिलने बुलाया था, जहां पर उसने युवती के साथ दुष्कर्म किया। साथ ही उसने युवती की अश्लील वीडियो बना ली और कुछ अश्लील फोटो भी ले लिए। आरोप है कि सागर ने वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवती से 7 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए थे। बदनामी के डर से युवती ने पहले तो किसी को कुछ नहीं बताया। आरोपी ने कुछ दिन बाद ही युवती को दोबारा ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इस पर युवती ने आरोपी के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, रंगदारी मांगने, धोखाधड़ी व जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज कर उसे गढ़ी गोल चक्कर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान गाजियाबाद के विजयनगर निवासी सागर सिंह के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी ने सोशल मीडिया पर अलग-अलग नामों से कई आईडी बना रखी हैं। आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से बात करके युवतियों को अपने प्यार के जाल में फंसाता है। फिर उनकी अश्लील फोटो या वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर लाखों रुपये ऐंठता है। पुलिस ने सागर को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
