महज 10 रुपये में 100 Km दौड़ेगी Atum 1.0, कीमत 50 हजार से कम व DL की भी जरूरत नहीं
दरअसल ये एक कैफे रेसर स्टाइल वाली इलेक्ट्रिक बाइक है जिसे इंटरनेशनल सेंटर फॉर ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी द्वारा एक लो स्पीड इलेट्रिक दोपहिया वाहन के तौर पर सर्टिफाइड किया गया है। चूकिं ये एक लो स्पीड इलेक्ट्रिक बाइक है और इसकी अधिकतम स्पीड 25 किलोमीटर प्रतिघंटा है इसलिए इसे ड्राइव करने के लिए आपको ड्राइविंग लाइसेंस की भी जरूरत नहीं है।
कंपनी ने नई Atum 1.0 में 48V की क्षमता का 250W इलेक्ट्रिक मोटर का इस्तेमाल किया है, जो कि लिथियम-आईऑन बैटरी पैक के साथ आता है। कंपनी का दावा है कि ये बाइक सिंगल चार्ज में 100 किलोमीटर तक का ड्राइविंग रेंज देती है। कंपनी ने इसके स्पीड को लिमिटेड किया गया है, इसलिए ये इससे ज्यादा तेज रफ्तार नहीं पकड़ सकती है।
इसकी बैटरी को फुल चार्ज होने में तकरीबन 4 घंटे का समय लगता है। इसे आप घरेलू 3 पिन सॉकेट से भी कनेक्ट कर आसानी से चार्ज कर सकते हैं। कंपनी का दावा है कि ये बाइक फुल चार्ज होने में महज 1 यूनिट बिजली की खपत करती है। यानी कि इसे चार्ज होने का खर्च अधिकतम 7 रुपये से लेकर 10 रुपये हो सकता है। यहां ये ध्यान देना जरूरी है कि, आप इस बाइक का इस्तेमाल किस शहर में कर रहे हैं, क्योंकि हर जगह इलेक्ट्रिसिटी रेट अलग-अलग है।
Atum 1.0 इलेक्ट्रिक बाइक बेहद ही किफायती है, इस समय फेस्टीव सीजन के मौके पर कंपनी ने इसकी कीमत को कम कर दिया है। इस बाइक के लिए आपको महज 49,999 रुपये खर्च करने होंगे, जो कि पहले 54,999 रुपये थी। कंपनी का दावा है कि इसके बैटरी की लाइफ 5 साल से ज्यादा है, जिस पर कंपनी 2 साल तक की वारंटी दे रही है।
